छत्तीसगढ़ विधानसभा: मानसून सत्र की शुरुआत प्रश्नकाल से, पूर्व राज्यपाल शेखर दत्त और राजा सुरेन्द्र बहादुर सिंह को दी गई श्रद्धांजलि

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही सोमवार को प्रश्नकाल से शुरू हुई। सत्र के पहले दिन पूर्व राज्यपाल शेखर दत्त और अविभाजित मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री राजा सुरेन्द्र बहादुर सिंह को श्रद्धांजलि दी गई। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने दिवंगत शेखर दत्त को याद करते हुए कहा कि वे एक बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे। छत्तीसगढ़ में राज्यपाल रहते हुए उन्होंने अपनी सेवाओं से अतुलनीय योगदान दिया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि शेखर दत्त न केवल एक कुशल प्रशासक थे, बल्कि सेना में रहते हुए भी उन्होंने देश का गौरव बढ़ाया। वे एक प्रतिभाशाली और समर्पित व्यक्तित्व थे जिनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और संसदीय कार्यमंत्री केदार कश्यप ने भी श्रद्धांजलि व्यक्त की। भूपेश बघेल ने कहा कि शेखर दत्त बड़े पदों पर रहे लेकिन उनके व्यवहार में कभी पद का अभिमान नहीं दिखा। उनका जाना देश और प्रदेश दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है।

कार्यवाही की शुरुआत गरिमामयी माहौल में हुई, जिसमें सभी दलों के नेताओं ने दोनों दिवंगत नेताओं के योगदान को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।